हजारीबाग – गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने आज हजारीबाग में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार जाति या धर्म के आधार पर लोगों को नहीं बांटती है। उन्होंने बताया कि “आबुआ आवास योजना” के तहत 25 लाख परिवारों को जोड़ा गया है। भाजपा की पिछली सरकार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा सरकार ने अपने समय में केवल 13 लाख लोगों को पेंशन दी थी, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने सिर्फ 2 साल में 27 लाख लोगों को ₹1000 मासिक पेंशन का लाभ पहुंचाया है।
हमने काम करके दिखाया है
कल्पना सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता के लिए ठोस कार्य किए हैं, और वही उनके चुनावी अभियान का आधार है। उन्होंने कहा, “हम जुमलेबाजी करने वाले लोग नहीं हैं। हमने जो वादे किए, उन्हें पूरा कर दिखाया।”
बाबूलाल मरांडी के गढ़ में भी साधा निशाना
आज कल्पना सोरेन धनवार पहुंचीं, जो भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी का क्षेत्र है। वहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि राज्य के गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले और वे आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि हमारे बच्चे उनके सामने हाथ फैलाएं और उनकी दया पर निर्भर रहें, जबकि उनकी सरकार बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके सपनों को साकार करने के लिए काम कर रही है।
धनवार में सभा को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने यह भी वादा किया कि उनकी सरकार बनने पर क्षेत्र में ढिबरा और माइका खनन से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।