रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में छात्रों का सत्याग्रह आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहा। दिनभर छात्र मोरहाबादी मैदान में डटे रहे और भर्ती प्रक्रियाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग दोहराई।
हालांकि, मोरहाबादी मैदान में डूरंड कप के आयोजन और प्रशासनिक अनुमति नहीं मिलने के कारण आंदोलन स्थल को बदल दिया गया है। अब बुधवार से सत्याग्रह आंदोलन जयपाल सिंह स्टेडियम के समीप जारी रहेगा। इसके लिए वहां टेंट लगाकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आज निकलेगा संविधान मार्च
आंदोलन के तहत 29 जुलाई को जयपाल सिंह स्टेडियम के समीप से संविधान मार्च निकाला जाएगा। दोपहर 3 बजे शुरू होने वाला यह मार्च अल्बर्ट एक्का चौक तक जाएगा। वहां छात्र संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे और राज्य सरकार से भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच तथा न्याय की मांग करेंगे।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि पिछले चार दिनों से छात्र शांतिपूर्ण सत्याग्रह कर रहे हैं, लेकिन अब तक राज्य सरकार के किसी मंत्री या अधिकारी ने उनकी मांगों पर संज्ञान नहीं लिया है।
JLKM ने आंदोलन को दिया समर्थन
उधर, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की केंद्रीय समिति की बैठक धनबाद के तोपचांची में आयोजित हुई। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं डुमरी विधायक जयराम महतो ने घोषणा की कि पार्टी रांची में छात्रों द्वारा निकाली जा रही संविधान पदयात्रा का समर्थन करेगी।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस मार्च में शामिल होंगे। साथ ही आगामी झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान जेएलकेएम के बैनर तले इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन भी चलाया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग तेज
छात्र संगठनों का कहना है कि जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं का सरकारी भर्ती परीक्षाओं पर भरोसा कायम रह सके।

