रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग ने फॉरेस्ट रेंज अफसर भर्ती परीक्षा का मुख्य परीक्षा परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। आयोग ने 170 पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित मुख्य परीक्षा में 743 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया है।
मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब शारीरिक परीक्षण में शामिल होना होगा। यह परीक्षण 22, 23, 24 और 25 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। आयोग ने बताया है कि शारीरिक परीक्षण का स्थान और विस्तृत कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा।
जुलाई 2024 से चल रही है भर्ती प्रक्रिया
फॉरेस्ट रेंज अफसर भर्ती की प्रक्रिया जुलाई 2024 से जारी है। प्रारंभिक परीक्षा 29 जून 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 14 हजार अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।
प्रारंभिक परीक्षा के दौरान कुछ परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक उपस्थिति को लेकर अभ्यर्थियों ने विरोध भी किया था। इसके बाद आयोग ने 3 जुलाई 2025 को मॉडल उत्तर जारी किया और बाद में 26 अगस्त, 10 अक्टूबर, 13 अक्टूबर तथा 11 नवंबर 2025 को संशोधित मॉडल उत्तर प्रकाशित किए।
इसके बाद 5 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें 2405 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल हुए। आयोग ने 22 और 24 जनवरी 2026 को मुख्य परीक्षा आयोजित की थी। मुख्य परीक्षा कुल 550 अंकों की थी, जबकि साक्षात्कार 50 अंकों का होगा।
170 पदों पर होगी नियुक्ति
आयोग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार, कुल 170 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें:
- अनारक्षित: 79 पद
- अनुसूचित जाति: 1 पद
- अनुसूचित जनजाति: 47 पद
- पिछड़ा वर्ग-1: 15 पद
- पिछड़ा वर्ग-2: 12 पद
- आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग: 16 पद
शारीरिक परीक्षण के मानदंड
फॉरेस्ट रेंज अफसर भर्ती के लिए पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम ऊंचाई अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 152.5 सेंटीमीटर तथा अन्य वर्गों के लिए 163 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।
महिला अभ्यर्थियों के लिए अनुसूचित जनजाति वर्ग में 145 सेंटीमीटर और अन्य वर्गों के लिए 150 सेंटीमीटर ऊंचाई अनिवार्य है।
इसके अलावा शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर तथा महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर पैदल चलना होगा।

