चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा क्षेत्र में एमडीओ व्यवस्था के विरोध में संयुक्त यूनियनों की अहम बैठक आयोजित की गई। रामनगर स्थित वर्कर्स कम्युनिटी हॉल में हुई इस बैठक में विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारियों और मजदूरों ने भाग लिया और आगे की रणनीति पर चर्चा की।
एमडीओ को बताया मजदूर विरोधी
बैठक की अध्यक्षता झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। उन्होंने कहा कि गुवा खदान में प्रबंधन द्वारा एमडीओ व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जो पूरी तरह मजदूरों के हितों के खिलाफ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से स्थानीय मजदूरों की नौकरी और अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
संयुक्त यूनियनों का कड़ा विरोध
बैठक में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन, झारखंड मुक्ति मोर्चा यूनियन और सप्लाई मजदूर संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए।
सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि इस फैसले का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा और इसे किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने दिया जाएगा।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन अपने फैसले पर कायम रहता है, तो संयुक्त रूप से बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। जरूरत पड़ने पर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और यूनियन पदाधिकारियों ने मजदूरों से एकजुट रहने और संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस दौरान रामा पांडे, विश्वजीत तांती, पंचम जॉर्ज सोय, विद्याकांत झा, देवकी कुमारी, नूतन सुंडी, नाजीर खान, अंतरयामी महाकुड़, चंद्रिका खंडाईत और पदमा केसरी सहित कई लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ठेका मजदूर और खदान कर्मी भी बैठक में शामिल हुए।

