रांची: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने और तापमान में गिरावट के साथ लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी है। हालांकि इस राहत के साथ ही ओलावृष्टि, आंधी और वज्रपात का खतरा भी बढ़ गया है।
येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार राज्य के कई जिलों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में ज्यादा असर
रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, कोडरमा, धनबाद और लोहरदगा के साथ-साथ देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह और साहिबगंज जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जो 7 अप्रैल को बढ़कर 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही वज्रपात की घटनाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
8-9 अप्रैल तक बना रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 अप्रैल तक यह स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 21 मिमी वर्षा रामगढ़ में रिकॉर्ड की गई।
तापमान की बात करें तो जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले 5 दिनों का पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 6 और 7 अप्रैल को तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद 8 से 10 अप्रैल के बीच तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।

