गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले में ईसीएल परियोजना गोलीकांड के प्रमुख आरोपी सूर्या हांसदा की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने इस घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। मुठभेड़ बोआरीजोर थाना क्षेत्र के जिरली समरी पहाड़ में हुई, जहां भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। स्थानीय लोगों और मीडिया को क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।

सूर्या हांसदा के खिलाफ गंभीर मामले

सूर्या हांसदा, जो ललमटिया थाना क्षेत्र के डकैता गांव का निवासी था, भाजपा का पूर्व कद्दावर नेता रहा है। वह हाल ही में झारखंड विधानसभा चुनाव में बोरियो से जयराम महतो की पार्टी जेएलकेएम से चुनाव लड़ चुका था, लेकिन चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। पुलिस ने उसके खिलाफ दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज किए हैं।

हाल ही में हुए ईसीएल की राजमहल परियोजना के पहाड़पुर क्षेत्र में गोलीकांड में सूर्या की संलिप्तता सामने आई थी। इसके अलावा साहिबगंज के क्रशर मिल में डंपर और ट्रकों को आग लगाने के मामले में भी उसका नाम जुड़ा हुआ था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से छापेमारी कर रही थी।

गिरफ्तारी से पहले पत्नी ने जताई अनहोनी की आशंका

सूर्या हांसदा की गिरफ्तारी की खबर बीते रविवार को उनकी पत्नी सुशीला ने दी थी। सुशीला ने सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई थी और संभावित अनहोनी की आशंका व्यक्त की थी।

पुलिस की कार्रवाई और आगामी प्रेसवार्ता

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि सूर्या की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गई थी और मुठभेड़ के दौरान उसकी मौत हुई। पूरे मामले की विस्तृत जानकारी पुलिस आज शाम चार बजे प्रेसवार्ता में देगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version