Ranchi: झारखंड पुलिस के लिए बड़ी सफलता की खबर सामने आई है। लंबे समय से फरार और मोस्ट वांटेड अपराधी कुख्यात मयंक सिंह को 23 अगस्त को झारखंड लाया जाएगा। झारखंड ATS (Anti Terrorist Squad) की विशेष टीम, एसपी ऋषव झा के नेतृत्व में अजरबैजान रवाना हो चुकी है।
रेड कॉर्नर नोटिस के बाद अजरबैजान में गिरफ्तारी
सूत्रों के अनुसार, मयंक सिंह उर्फ सुनील कुमार मीणा के खिलाफ रामगढ़ जिले के पतरातू थाना में दर्ज कांड संख्या 175/22 सहित कई गंभीर मामले लंबित थे। झारखंड ATS की कार्रवाई के बाद इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ। इसी आधार पर 29 अक्टूबर 2024 को मयंक सिंह को अजरबैजान में गिरफ्तार किया गया था।
अंतरराष्ट्रीय अदालत से भारत प्रत्यर्पण की अनुमति
मामला अजरबैजान की बाकू अपराध न्यायालय में पहुंचा। वहां 27 जनवरी 2025 को अदालत ने भारत प्रत्यर्पण की मंजूरी दे दी। इसके बाद भारत सरकार और विदेश मंत्रालय ने झारखंड ATS के साथ मिलकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। इस मिशन के लिए भारत सरकार ने अधिकारियों को राजनीतिक मंजूरी और विशेष पासपोर्ट जारी किया।
झारखंड में 48 केस, कई जिलों में दर्ज अपराध
पुलिस मुख्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक, मयंक सिंह पर झारखंड के विभिन्न जिलों में कुल 48 मामले दर्ज हैं।
- सबसे ज्यादा केस हजारीबाग में दर्ज हैं, जिनमें बड़कागांव, केरेडारी, कोर्रा और सदर थाना क्षेत्र शामिल हैं।
- इसके अलावा रांची, रामगढ़, गिरिडीह और पलामू में भी उसके खिलाफ संगीन मामले दर्ज हैं।
- झारखंड के अलावा राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी उस पर आपराधिक मुकदमे लंबित हैं।
पुलिस कर रही है केसों की दोबारा समीक्षा
झारखंड पुलिस ने मयंक सिंह को सजा दिलाने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। जिन थानों में मामले दर्ज हैं, वहां केस फाइलों और सबूतों की समीक्षा शुरू हो गई है। पुलिस गवाहों की सूची भी तैयार कर रही है ताकि अदालत में मुकदमा मजबूती से पेश किया जा सके।
22 अगस्त को सौंपा जाएगा भारतीय अधिकारियों को
अजरबैजान सरकार की ओर से जानकारी दी गई है कि 22 अगस्त को मयंक सिंह को भारतीय अधिकारियों के हवाले कर दिया जाएगा। इसके बाद अगले दिन यानी 23 अगस्त को उसे रांची लाया जाएगा। झारखंड ATS की टीम उसकी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ वापसी करेगी।
इसे भी पढ़ें
Bokaro News: बोकारो में नियोजन की मांग को लेकर पुलिस से भिड़े ग्रामीण, थानेदार का फटा सिर