Ranchi: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर झारखंड के सभी जिलों में संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से मनरेगा बचाओ संग्राम की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान के तहत राज्यभर में कांग्रेस के जिलाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही हैं।
रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को Indian National Congress के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर और महानगर अध्यक्ष कुमार राजा ने संबोधित किया।
वहीं, लोहरदगा में विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, गुमला में कार्यकारी अध्यक्ष बन्धु तिर्की, गोड्डा में श्यामल किशोर सिंह और देवघर में संजय मुन्नम ने प्रेस के माध्यम से मनरेगा को लेकर पार्टी का पक्ष रखा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी अपने संघर्ष को निर्णायक परिणाम तक ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा मनरेगा पर किए गए प्रहार से ग्रामीणों से छीने गए काम के अधिकार, आजीविका और जवाबदेही को जब तक पूरी तरह बहाल नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि आंदोलन के प्रथम चरण में संवाददाता सम्मेलनों के बाद 11 जनवरी 2026 को राज्य के सभी जिलों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के समक्ष एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पार्टी के वरीय नेता, पदाधिकारी, विधायक और मंत्री भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में 12 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक पंचायत स्तर तक चौपाल और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पत्र ग्राम प्रधानों, पूर्व ग्राम प्रधानों, रोजगार सेवकों और मनरेगा श्रमिकों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि मनरेगा कानून में बदलाव की साजिश को जनता के सामने उजागर किया जा सके।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि मनरेगा मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और ग्रामीण आजीविका को बचाने के लिए यह संघर्ष सड़क से लेकर पंचायत स्तर तक पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।

