Ranchi News: झारखंड की राजनीति में आजसू पार्टी (AJSU) के संगठनात्मक विस्तार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। झारखंड आंदोलनकारी और पार्टी से लंबे समय तक जुड़े रहे हिमांशु कुमार ने आरोप लगाया है कि आजसू पार्टी ने अपने संविधान का उल्लंघन करते हुए 15 की निर्धारित सीमा से अधिक 27 महासचिव नियुक्त कर दिए हैं।

आजसू पार्टी के संविधान उल्लंघन का आरोप

हिमांशु कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पार्टी के संविधान में महासचिव के केवल 15 पद निर्धारित हैं। इसके बावजूद हालिया नियुक्तियों में 27 नेताओं को महासचिव बनाया गया, जिसे उन्होंने संविधान की अवहेलना करार दिया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 28 जुलाई को जारी अधिसूचना में प्रधान महासचिव का हस्ताक्षर फर्जी या कॉपी किया हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि यह कदम मीडिया और आम जनता को गुमराह करने वाला है और किसी भी राजनीतिक दल की आचार संहिता के खिलाफ है।

हिमांशु कुमार की मांग – अध्यक्ष और प्रधान महासचिव दें इस्तीफा

हिमांशु कुमार ने कहा कि पार्टी संविधान की अवहेलना का अधिकार केंद्रीय समिति को भी नहीं है। ऐसे में उन्होंने आजसू पार्टी के अध्यक्ष और प्रधान महासचिव से इस्तीफा देने की मांग की।

हाल ही में हुए संगठनात्मक बदलाव

गौरतलब है कि हाल के दिनों में आजसू पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने संगठन विस्तार करते हुए कई नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की थी।

  • दीपक महतो को केंद्रीय महासचिव बनाया गया।
  • संजय मेहता को केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता नियुक्त किया गया।
  • झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर को पार्टी का केंद्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया।

इसके अलावा, पार्टी के प्रधान महासचिव एवं पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा की थी। इसमें बसंत महतो, कुमुद वर्मा और चंद्रशेखर सिंह छोटू को केंद्रीय सचिव, जबकि मुन्नू अख्तर को हजारीबाग जिला सचिव बनाया गया।

पदों के वितरण को लेकर बढ़ रहा विवाद

हिमांशु कुमार का कहना है कि पदों को “रेवड़ी की तरह बांटा जा रहा है”, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक पदों की नियुक्ति संविधान के दायरे में रहकर ही होनी चाहिए, ताकि पार्टी की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनी रहे।

इसे भी पढ़ें

अबुआ आवास योजना : 800 करोड़ की निकासी प्रक्रिया शुरू, 500 करोड़ का आवंटन जल्द

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version