जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर विकास योजनाओं में हो रही देरी पर चिंता जताई है। उन्होंने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति और मानगो नगर निगम क्षेत्र की लंबित योजनाओं को शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।
50 योजनाएं अब तक लंबित
पत्र में विधायक ने बताया कि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति में उनकी अनुशंसा पर जिला योजना चयन समिति से पारित 50 योजनाएं अभी तक लंबित हैं। इन योजनाओं का निविदा निष्पादन होने के बाद 14 मार्च को शिलान्यास भी किया जा चुका है, लेकिन कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है।
मानगो नगर निगम क्षेत्र की भी यही स्थिति
इसी तरह मानगो नगर निगम क्षेत्र में भी 81 योजनाएं स्वीकृत होने के बावजूद शुरू नहीं हो सकी हैं। इन योजनाओं का शिलान्यास 30 दिसंबर 2025 को किया गया था, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हुआ है।
प्रशासनिक स्वीकृति में देरी
विधायक ने बताया कि करीब 3 करोड़ 32 लाख 47 हजार रुपये की 5 योजनाएं ऐसी हैं, जिनका प्राक्कलन और तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन नगर विकास विभाग में प्रशासनिक स्वीकृति के लिए लंबे समय से लंबित हैं।
जल्द कार्रवाई की मांग
सरयू राय ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि संबंधित विभागों को निर्देश देकर सभी योजनाओं का क्रियान्वयन जल्द शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं में देरी से आम जनता को मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।

