जमशेदपुर: टाटा मेन हॉस्पिटल में इलाजरत गंभीर रूप से घायल युवती मेहंदी के उपचार को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बड़ी पहल की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पीड़िता के इलाज में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और उसका उपचार पूरी तरह ठीक होने तक जारी रहेगा।
खौलती चाय से घायल हुई थी युवती
बताया जा रहा है कि कुछ मनबढ़ युवकों ने युवती के चेहरे पर खौलती चाय फेंक दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद उसे टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इलाज का खर्च उठाने का भरोसा
विधायक सरयू राय ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि टाटा स्टील प्रबंधन ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। अस्पताल में बिल बकाया रहने के बावजूद इलाज जारी रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इलाज का पूरा खर्च वे स्वयं वहन करेंगे।
टीम को अस्पताल भेजकर ली जानकारी
घटना के दूसरे दिन ही सरयू राय ने अपने प्रतिनिधियों को अस्पताल भेजकर पीड़िता के इलाज की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया था कि इलाज में किसी प्रकार की कमी न हो और हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मानवीय पहल की हो रही सराहना
इस पहल के बाद लोगों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आ रही है। सरयू राय के इस कदम को उनके संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण का उदाहरण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी वे कई मौकों पर जरूरतमंद लोगों की मदद करते रहे हैं और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

