Ranchi : जमशेदपुर के मुसाबनी स्थित सेंट्रल ट्रेनिंग सेंटर (CTC) परिसर में शुक्रवार देर रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब सड़क दुर्घटना में घायल जवानों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। इलाज में देरी से नाराज जवानों ने करीब एक घंटे तक परिसर में जमकर हंगामा किया। बाद में वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर काबू पाया गया और सभी घायल जवानों को अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, CTC मुसाबनी में प्रशिक्षण ले रहे जवानों को खरसावां में आयोजित एक कार्यक्रम में ड्यूटी के लिए भेजा गया था। ड्यूटी समाप्त कर लौटने के दौरान शुक्रवार रात करीब 11 बजे पोटका थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार हाइवा ने जवानों से भरी बस को टक्कर मार दी। इस हादसे में बस में सवार 15 से 20 जवान आंशिक रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद जवानों ने अपने वरीय अधिकारियों को सूचना दी। काफी देर बाद CTC से एक बस भेजी गई, जिससे घायल जवानों को परिसर वापस लाया गया। जवानों को उम्मीद थी कि वहां तत्काल इलाज मिलेगा, लेकिन सुबह इलाज कराने की बात कहकर टाल दिया गया। इससे आक्रोशित जवानों ने रात करीब 12 बजे परिसर में विरोध शुरू कर दिया।
हंगामे के दौरान जवानों ने वरीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सूचना देने के बावजूद न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही उनकी स्थिति की सुध ली गई। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद प्रशासन हरकत में आया और घायल जवानों को बस के जरिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया।
