देवघर: झारखंड के देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत बलथर पंचायत की मुखिया सुनीता देवी के ठिकानों पर शनिवार सुबह आयकर विभाग ने छापेमारी की। कार्रवाई सुबह करीब छह बजे शुरू हुई और समाचार लिखे जाने तक जारी रही।
आयकर विभाग की टीम बलथर गांव स्थित उनके पैतृक आवास के साथ-साथ देवघर शहर के बैजनाथपुर मोहल्ले स्थित आवास पर भी दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच कर रही है।
बिहार से जुड़े मामले में जांच की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, बलथर स्थित आवास पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने मुखिया सुनीता देवी से कई घंटे तक पूछताछ की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई बिहार से जुड़े एक आयकर मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है।
हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अब तक छापेमारी के कारणों या जांच के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में कार्रवाई के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
कड़ी सुरक्षा के बीच जारी रही कार्रवाई
छापेमारी के दौरान दोनों स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। एक दर्जन से अधिक आयकर अधिकारी तथा सशस्त्र सीमा बल के जवान जांच अभियान में शामिल रहे।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम चार-चार इनोवा वाहनों के काफिले के साथ दोनों ठिकानों पर पहुंची। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में दिनभर इस छापेमारी की चर्चा होती रही।
आयकर विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी विस्तृत और आधिकारिक जानकारी सामने आने की संभावना है।

