रामगढ़ में पहुंचे कार्यवाहक मुख्यमंत्री
रामगढ़: कार्यकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज रामगढ़ के चितरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जेएमएम विधायक योगेंद्र प्रसाद महतो के दिवंगत पिता स्व. विश्वनाथ महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मभोज संस्कार में भाग लिया और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की। हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को इस दुख की घड़ी सहने की शक्ति देने की कामना की।
नेमरा में शहीद सोबरन सोरेन को दी श्रद्धांजलि
इसके पहले हेमंत सोरेन ने नेमरा स्थित लुकैयाटांड में शहीद सोबरन सोरेन के 67वें शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन और झामुमो कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही।
झामुमो की ऐतिहासिक जीत
इस विधानसभा चुनाव में झामुमो ने 34 सीटों पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। यह पार्टी की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। झामुमो की इस सफलता के साथ, हेमंत सोरेन चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। शपथ ग्रहण समारोह 28 नवंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा।