Ranchi News: कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शामिल होकर राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया। यात्रा के भागलपुर पहुंचने पर मंत्री अंसारी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मजबूती का प्रदर्शन किया।
वोटर अधिकार यात्रा में कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी
इस यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शामिल हैं। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री के जुड़ने से इस अभियान को और बल मिला। यात्रा के दौरान डॉ. अंसारी ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की एकजुटता पर जोर दिया।
इरफान अंसारी ने दिया लोकतंत्र बचाने का संदेश
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह सिर्फ यात्रा नहीं बल्कि लोकतंत्र की रक्षा की असली लड़ाई है। जब वोट पर हमला होता है और लोकतंत्र पर संकट मंडराता है तो हर सच्चे जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह जनता के साथ खड़ा हो। उन्होंने दावा किया कि यात्रा में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि जनता अब वोट की चोरी बर्दाश्त नहीं करेगी।
बिहार से देशभर तक फैलेगा आंदोलन
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह आंदोलन केवल बिहार तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में भी लोकतंत्र की नई दिशा तय करेगा। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का धन्यवाद करते हुए इसे जनता के अधिकार की रक्षा के लिए ऐतिहासिक पहल बताया।
जनता से वोट की ताकत पहचानने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का है। उन्होंने जनता से अपील की कि अपने वोट की ताकत को पहचानें और लोकतंत्र विरोधी ताकतों को करारा जवाब दें।
इसे भी पढ़ें