रांची: रांची विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मियों के समग्र स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ‘हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर’ की शुरुआत की गई। इस केंद्र का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को किया।
मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह पहल शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक संतुलन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।
युवाओं को संतुलित जीवन की सलाह
राज्यपाल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक सफलता पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वस्थ शरीर और संतुलित मन भी उतने ही जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने, नियमित योग, ध्यान और व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास सफलता के प्रमुख आधार हैं और युवाओं को चुनौतियों को अवसर में बदलने की क्षमता विकसित करनी चाहिए।
मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जोर
राज्यपाल ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि तनाव और चिंता जैसी समस्याओं में समय पर परामर्श लेना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र विश्वविद्यालय समुदाय को बेहतर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेगा।
विशेषज्ञ संस्थानों का मिलेगा सहयोग
उन्होंने बताया कि इस केंद्र के संचालन में रिम्स रांची और सीआईपी जैसे संस्थानों का सहयोग मिलेगा, जिससे विद्यार्थियों और कर्मचारियों को विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
राज्यपाल ने कहा कि देश ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर अग्रसर है और फिट इंडिया मूवमेंट तथा आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं युवाओं के समग्र विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं।
काउंसलिंग और टेली-परामर्श की सुविधा
इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य आज एक गंभीर विषय बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस केंद्र का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि वेलनेस सेंटर में नियमित काउंसलर उपलब्ध रहेंगे और टेली काउंसलिंग की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

