खूंटी : जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में उग्रवादियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की है। धुर्वा-कर्रा रोड स्थित कुलहुट्टू इलाके में रेलवे ठेकेदार के प्लांट पर गुरुवार देर शाम फायरिंग की गई। अज्ञात उग्रवादियों ने पांच राउंड गोली चलाने के बाद मौके पर पर्चा छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने घटनास्थल से पांच खोखा बरामद किया है।
देर से पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना के बावजूद पुलिस रात में मौके पर नहीं पहुंच सकी। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस टीम शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज करने की बात कही है।
रोड रोलर में आगजनी, निर्माण कार्य प्रभावित
इसी क्रम में कर्रा थाना क्षेत्र के कटमकुक्कु गांव स्थित सरना टोली के पास रेलवे निर्माण कार्य में लगे एक रोड रोलर को उग्रवादियों ने आग के हवाले कर दिया। आगजनी में मशीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में दहशत का माहौल है और कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
PLFI के नाम से पर्चा, ठेकेदार को चेतावनी
घटनास्थल से पीएलएफआई के नाम से एक पर्चा बरामद हुआ है। इसमें रेलवे कार्य से जुड़े व्यक्ति को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि संगठन से बातचीत किए बिना काम कराया जा रहा है। पर्चे में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि बातचीत होने तक कार्य बंद रखा जाए। पर्चे के अंत में “लाल सलाम” के साथ संगठन का नाम और कथित झारखंड स्टेट चीफ अमृत होरो का उल्लेख किया गया है।
इलाके में दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई
फायरिंग और आगजनी की घटनाओं के बाद कुलहुट्टू और कटमकुक्कु सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद लोग घरों में दुबक गए। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और उग्रवादियों की तलाश में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
जांच जारी, गिरफ्तारी के प्रयास तेज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले पर्चे की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के पीछे कौन सा संगठन सक्रिय है। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन रेलवे निर्माण कार्य पर इसका असर पड़ने की आशंका है।

