रांची: तुपुदाना ओपी क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार को रातू के काठीटांड़ इलाके से आठ और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि पांच नाबालिग आरोपियों को प्रोबेशन होम भेजा गया है।
तीन आरोपी जेल, पांच नाबालिग प्रोबेशन होम भेजे गए
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बालिग आरोपियों की पहचान गणेश बैठा, कुणाल उरांव और ऋतिक उरांव के रूप में हुई है। तीनों को जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में पकड़े गए पांच नाबालिग आरोपियों को विधिक प्रक्रिया के तहत प्रोबेशन होम भेजा गया है।
इससे पहले भी पुलिस इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। इनमें चार बालिग और दो नाबालिग शामिल थे।
दो दिनों तक वारदात को दिया गया अंजाम
पुलिस जांच के अनुसार, 9 जुलाई को दो नाबालिग लड़कियों का कथित रूप से अपहरण कर उन्हें स्मार्ट सिटी घुमाने के बहाने तुपुदाना स्थित भगवान होटल के पीछे एक कमरे में ले जाया गया, जहां उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद आरोपी लड़कियों को छोड़कर फरार हो गए।
जांच में यह भी सामने आया कि 10 जुलाई को दूसरे समूह के आरोपियों ने दोनों पीड़िताओं के साथ फिर सामूहिक दुष्कर्म किया। इसी दौरान एक पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस तक पहुंची और घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
पूछताछ में हुआ घटनाक्रम का खुलासा
पुलिस के अनुसार पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। इसके आधार पर छापेमारी कर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

