रांची/धनबाद। झारखंड में कुड़मी समुदाय द्वारा अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा और कुड़माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर चल रहा रेल रोको आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा। आंदोलन का सीधा असर धनबाद मंडल के ट्रेन परिचालन पर पड़ा है। कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के समय और मार्ग में बदलाव किया गया है। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
धनबाद मंडल से चलने वाली रद्द ट्रेनें
रेलवे ने सुरक्षा और परिचालन कारणों से कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
- ट्रेन संख्या 13504 हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस (20.09.2025) को रद्द किया गया।
- ट्रेन संख्या 18036 हटिया-खड़गपुर मेमू (20.09.2025) भी रद्द रहेगी।
जिन ट्रेनों के समय में किया गया बदलाव
- ट्रेन संख्या 13351 धनबाद-आलप्पुझा एक्सप्रेस का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 11:35 बजे था। आंदोलन के कारण अब यह ट्रेन धनबाद से शाम 06:35 बजे (18:35 बजे) प्रस्थान करेगी।
जिन ट्रेनों का मार्ग बदला गया
- ट्रेन संख्या 18613 रांची-चोपन एक्सप्रेस सामान्यत: रांची–मुरी–बरकाकाना मार्ग से चलती है। लेकिन आंदोलन के कारण आज इसे रांची–टोरी होकर चलाया जा रहा है।
रेल प्रशासन की अपील
धनबाद रेल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अनिवार्य रूप से प्राप्त कर लें। रेलवे ने कहा है कि आंदोलन के कारण स्थिति में लगातार बदलाव हो रहा है, ऐसे में यात्रा से पहले ट्रेनों की जानकारी लेना ही सुरक्षित रहेगा।
यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
रेल रोको आंदोलन के चलते ट्रेनें रद्द होने और समय में बदलाव से यात्रियों को स्टेशन पर काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेने को मजबूर हुए। आंदोलन के चलते लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है।