धनबाद में प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री का बयान
धनबाद : झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया। शुक्रवार देर शाम धनबाद परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि राज्य को किसी भी मामले में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। मंत्री शिल्पी यहां संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं।
केंद्र से सहयोग न मिलने की शिकायत
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि हाल ही में आयोजित जीएसटी परिषद की बैठक में झारखंड की समस्याएं उठाई गईं, लेकिन कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के विकास और किसानों से जुड़े मुद्दों पर केंद्र का रवैया उपेक्षापूर्ण रहा है।
झारखंड में यूरिया संकट के लिए केंद्र जिम्मेदार: शिल्पी
मंत्री शिल्पी ने कहा कि इस वर्ष झारखंड में अच्छी बारिश हुई और खेती का रकबा भी बढ़ा है। इसके बावजूद किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र ने राज्य को जरूरत से कम यूरिया आवंटित किया, जिसके चलते किसानों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ रही है।
अंतरराष्ट्रीय हालात से यूरिया आपूर्ति पर असर
कृषि मंत्री ने बताया कि यूरिया का आयात पाकिस्तान और चीन से होता है और भारत के इन देशों के साथ तनावपूर्ण रिश्तों का असर खाद आपूर्ति पर पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार इस स्थिति को नियंत्रित करने में विफल रही है।
राहुल गांधी के बयानों का किया उल्लेख
पत्रकारों से बातचीत में शिल्पी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान बार-बार सही साबित हो रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार झारखंड जैसे राज्यों को अपेक्षित सहयोग देने से पीछे हट रही है।
विस्थापन आयोग गठन को बताया राज्य सरकार की उपलब्धि
प्रेस वार्ता के दौरान कृषि मंत्री ने हाल ही में राज्य कैबिनेट द्वारा लिए गए फैसले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार ने विस्थापन आयोग गठन का निर्णय लिया है, जो वर्षों से लंबित विस्थापित परिवारों की मांग को पूरा करने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि आयोग जल्द ही काम शुरू करेगा और विस्थापितों को न्याय दिलाने में मदद करेगा।