रांची: जेपीएससी और जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन को गुरुवार देर रात कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता योगेंद्र यादव का समर्थन मिला। उन्होंने आंदोलन स्थल पहुंचकर छात्रों से मुलाकात की और उनके संघर्ष के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
योगेंद्र यादव ने कहा कि यह केवल प्रतियोगी छात्रों के भविष्य का सवाल नहीं है, बल्कि पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह व्यवस्था स्थापित करने की लड़ाई भी है। उन्होंने कहा कि जब युवाओं के सपनों और भविष्य पर सवाल उठते हैं, तब समाज के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का दायित्व बनता है कि वह उनके साथ खड़ा हो।
उन्होंने आंदोलनरत छात्रों की मांगों को न्यायसंगत बताते हुए कहा कि उनकी लड़ाई व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की है। योगेंद्र यादव ने कहा कि वे छात्रों की न्यायपूर्ण मांगों का समर्थन करते हैं और उम्मीद करते हैं कि सरकार उनकी बात गंभीरता से सुनेगी तथा उचित समाधान निकालेगी।
गौरतलब है कि रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र कई दिनों से जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन को विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिल रहा है।

