रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के झारखंड प्रभारी और कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के स्थायी आमंत्रित सदस्य के. राजू 5 और 6 अगस्त को झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कांग्रेस विधायक दल की बैठक के साथ-साथ इंडिया गठबंधन के विधायकों की संयुक्त बैठक में भी शामिल होंगे।
झारखंड कांग्रेस के मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि के. राजू 5 अगस्त को सुबह 9:15 बजे हैदराबाद से इंडिगो की उड़ान से रांची के लिए रवाना होंगे और 11:10 बजे बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पहुंचेंगे।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में होंगे शामिल
रांची पहुंचने के बाद के. राजू दोपहर 2 बजे मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भाग लेंगे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य के राजनीतिक हालात पर चर्चा होने की संभावना है।
INDIA गठबंधन के विधायकों संग संयुक्त बैठक
इसके बाद शाम 4 बजे रांची के एटीआई ऑडिटोरियम में आयोजित इंडिया गठबंधन के सभी विधायकों की संयुक्त बैठक में वह शामिल होंगे। बैठक में गठबंधन के बीच समन्वय और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है।
6 अगस्त को दिल्ली लौटेंगे
कांग्रेस प्रभारी के. राजू 5 अगस्त की रात रांची के स्टेट गेस्ट हाउस में ठहरेंगे। इसके बाद 6 अगस्त को वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

