Ranchi : नए साल के आगाज पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को राजधानी रांची का दौरा किया और धुर्वा डैम सहित शहर के अन्य प्रमुख पिकनिक स्पॉट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन विकास की संभावनाओं का विस्तार से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने चाय की चुस्की के साथ रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र में पर्यटन को सुनियोजित और व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और यह क्षेत्र रांची के पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरेगा।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव भी लिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जनसहभागिता के साथ क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी।
सीएम ने कहा कि धुर्वा डैम न केवल रांची का एक महत्वपूर्ण जल स्रोत है, बल्कि यहां पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल अकादमी, झारखंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अकादमी की अधोसंरचना और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी और पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
