रांची। झारखंड में आगामी चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य की जनता से पांच प्रमुख वादे किए हैं, जिन्हें ‘पंचप्रण’ का नाम दिया गया है।
शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हरमू रोड स्थित होटल काव्स में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इन वादों की जानकारी दी।
इस मौके पर प्रदेश चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, सह प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, संगठन प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेई, और नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी भी उपस्थित थे।
भाजपा का महिला सशक्तिकरण पर जोर
बाबूलाल मरांडी ने बताया कि भाजपा ने महिलाओं के उत्थान के लिए हमेशा कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई योजनाएं और कानून लागू किए गए हैं, जैसे कि:
- लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण की पहल।
- तीन तलाक के खिलाफ कानून का निर्माण।
- सुकन्या समृद्धि योजना की शुरुआत।
- शौचालय निर्माण और पीएम मातृ वंदना योजना जैसी योजनाएं, जो महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने में सफल रही हैं।
भाजपा सरकार के दौरान झारखंड में एक रुपये में 50 लाख तक की संपत्ति महिलाओं के नाम पर रजिस्ट्री करने की योजना भी लागू की गई थी, जिससे महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा मिली।
‘गोगो दीदी योजना’ की घोषणा

भाजपा ने ‘गोगो दीदी योजना‘ की भी घोषणा की है, जिसके तहत प्रत्येक माह की 11 तारीख को माताओं और बहनों के बैंक खातों में ₹2100 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
हर परिवार को 500 रुपये में गैस कनेक्शन
भाजपा ने वादा किया है कि राज्य के प्रत्येक परिवार को ₹500 में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके साथ ही हर साल दो अतिरिक्त गैस सिलेंडर भी प्रदान किए जाएंगे, ताकि परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके।
नौकरियों की बहार
बाबूलाल मरांडी ने आश्वासन दिया कि भाजपा की सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में ही रिक्त पड़े लगभग 2.87 लाख पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नवंबर 2025 तक कम से कम 1.5 लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर तैयार किया जाएगा और समय पर एग्जाम, रिजल्ट और जॉइनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा, 1 लाख अतिरिक्त रोजगार के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे।
स्नातकों को हर माह ₹2000 की सहायता
भाजपा ने यह भी वादा किया है कि स्नातक, पीजी और एमए पास युवाओं को हर माह ₹2000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जो दो साल तक जारी रहेगी।
सबको पक्का मकान और मुफ्त बालू
सभी को पक्के मकान की सुविधा देने का भी वादा किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुकों को नि:शुल्क बालू दिया जाएगा, जिससे निर्माण की लागत में कमी आएगी।
पैसों की कमी नहीं होगी
बाबूलाल मरांडी ने भरोसा दिलाया कि इन योजनाओं को लागू करने के लिए पैसों की कमी नहीं होगी।
उन्होंने असम, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों का उदाहरण दिया, जहां बिना केंद्र सरकार की मदद के माताओं और बहनों के खातों में राशि जमा की जा रही है।
इसे भी पढ़ें
झारखंड में ‘Gogo Didi Yojana’ की शुरुआत: महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2100 रुपये