चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के गिधनी रेलवे स्टेशन पर 12 अप्रैल से 18 अप्रैल तक कई यात्री ट्रेनों का अस्थायी ठहराव किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यह फैसला श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र नववर्ष उत्सव 1433 को ध्यान में रखते हुए लिया है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
रेलवे के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद यह व्यवस्था लागू की जा रही है। इस दौरान चयनित ट्रेनों का गिधनी स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव निर्धारित किया गया है।
इन ट्रेनों का होगा ठहराव
उत्सव के दौरान हावड़ा-टाटा स्टील एक्सप्रेस, टाटा-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस, हावड़ा-जूनागढ़ रोड इस्पात एक्सप्रेस, जूनागढ़ रोड-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस, हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस और कांताबांजी-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस का गिधनी स्टेशन पर ठहराव होगा।
इसके साथ ही हावड़ा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस और रांची-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (टाटा मार्ग से) भी निर्धारित समय के अनुसार यहां रुकेंगी।
18 अप्रैल को विशेष ट्रेन सेवा
यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा के लिए 18 अप्रैल को हावड़ा-घाटशिला मेमू एक्सप्रेस और घाटशिला-हावड़ा मेमू एक्सप्रेस का विशेष संचालन किया जाएगा। इससे स्थानीय यात्रियों और श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों के समय और ठहराव की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। यह अस्थायी व्यवस्था केवल उत्सव अवधि के दौरान ही लागू रहेगी।

