रांची: झारखंड में कथित पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर कड़ी कर दी गई है। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
शुक्रवार, 7 अगस्त को आइसा की ओर से विधानसभा मार्च निकाला जाएगा, जबकि 10 अगस्त को आंदोलनरत छात्रों ने विधानसभा घेराव का कार्यक्रम घोषित किया है। इसे देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू
रांची पुलिस ने पूरे शहर में तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। सुरक्षा व्यवस्था की कमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के नेतृत्व में संभाली जा रही है। विधानसभा परिसर, मार्च मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
1,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
पुलिस प्रशासन के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के लिए 4 आईपीएस अधिकारियों के साथ 2 अतिरिक्त आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 15 डीएसपी, 30 इंस्पेक्टर, 100 दारोगा और करीब 1,000 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया है।
बिरसा चौक से निकलेगा विधानसभा मार्च
आइसा का विधानसभा मार्च शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे बिरसा चौक से शुरू होगा। मार्च के मद्देनजर जगन्नाथपुर मंदिर से विधानसभा परिसर तक पूरे मार्ग पर पुलिस बल की विशेष तैनाती रहेगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सीसीटीवी से होगी निगरानी
विधानसभा परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल और आवश्यक संसाधनों की भी व्यवस्था की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।

