रांची: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में भारी वाहन चालकों के लिए उन्नत प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 22 करोड़ 3 लाख 31 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
परिवहन विभाग द्वारा जारी संकल्प के अनुसार, इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार से 17 करोड़ रुपये का अनुदान प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त 1 करोड़ 82 लाख रुपये Tata Motors Limited द्वारा वहन किए जाएंगे, जबकि शेष राशि राज्य सरकार खर्च करेगी।
पहली बार मिलेगा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण
यह झारखंड का पहला ऐसा उच्च स्तरीय संस्थान होगा, जहां भारी मोटर वाहन, परिवहन वाहन और व्यवसायिक चालकों को वैज्ञानिक और मानकीकृत तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा। वर्तमान में ऐसे संस्थान के अभाव में चालकों को प्रमाणित प्रशिक्षण लेने में कठिनाई होती है।
30 दिन का प्रशिक्षण अनिवार्य
केंद्रीय मोटर वाहन नियमों के अनुसार, व्यवसायिक वाहन चलाने से पहले प्रशिक्षु को कम से कम 30 दिनों का प्रशिक्षण लेना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही न्यूनतम 15 घंटे का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे चालक वास्तविक परिस्थितियों में वाहन संचालन का अनुभव प्राप्त कर सकें।
प्रमाण पत्र के साथ विशेष प्रशिक्षण
प्रशिक्षण पूर्ण होने पर चालकों को मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र दिया जाएगा, जो भारी वाहन चलाने के लिए आवश्यक होगा। प्रशिक्षण के दौरान चालकों को यातायात नियम, सड़क संकेत, वाहन रखरखाव, आपात स्थिति में प्रतिक्रिया, ब्रेकिंग तकनीक और ईंधन दक्षता जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
सड़क सुरक्षा को मिलेगा बल
राज्य में पर्याप्त प्रशिक्षण व्यवस्था नहीं होने के कारण कई चालक बिना उचित प्रशिक्षण के ही भारी वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इस संस्थान के शुरू होने से सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी और दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है।
आधुनिक सुविधाओं से होगा प्रशिक्षण
इस संस्थान में चालकों को रात, बारिश, धुंध, अधिक भार और अचानक ब्रेक जैसी कठिन परिस्थितियों में वाहन चलाने का अभ्यास कराया जाएगा, जिससे वे वास्तविक हालात में बेहतर निर्णय ले सकें।
मनपीठा में होगा निर्माण
इस परियोजना की शुरुआत पहले काशीडीह में की गई थी, लेकिन स्थानीय विरोध के कारण कार्य रुक गया था। अब प्रशासन ने मौजा मनपीठा में लगभग 11.88 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई है, जहां इस संस्थान का निर्माण प्रस्तावित है।

