Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तीसरा मोर्चा तेजी से उभर रहा है।
एनडीए (NDA) और I.N.D.I.A के लिए यह तीसरा मोर्चा बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। जमशेदपुर में 8 अगस्त को होने वाली बैठक में इस मोर्चे की रूपरेखा तैयार करने के लिए समन्वय समिति का गठन किया जाएगा।
तीसरे मोर्चे का गठन
झारखंड में एनडीए और I.N.D.I.A के खिलाफ झारखंड नवनिर्माण महासभा नामक तीसरा गठबंधन (जनमत) बनाया गया है।
इस मोर्चे की अगुवाई झारखंड पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा और झामुमो (उलगुलान) के प्रमुख व पूर्व सांसद कृष्णा मार्डी कर रहे हैं।
इस मोर्चे में कुल 10 संगठन शामिल हैं।
8 अगस्त को जमशेदपुर में बैठक
झारखंड की राजनीति में नया मोड़ तब आएगा जब 8 अगस्त को जमशेदपुर में तीसरे मोर्चे की बैठक होगी।
इस बैठक में समन्वय समिति बनाई जाएगी। यह घोषणा पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा ने सोमवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान की।
सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगा तीसरा मोर्चा
बेसरा ने बताया कि तीसरा मोर्चा राज्य की सभी 81 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड का निर्माण हुए 24 साल हो चुके हैं, लेकिन बीजेपी और झामुमो की सरकार ने राज्य को सिर्फ ठगने का काम किया है।
चुनाव के दौरान किए गए वादे पूरे नहीं हुए। इसलिए झारखंड नवनिर्माण महासभा तीसरे गठबंधन (जनमत) का गठन किया गया है।
गांव को 5 करोड़ रुपये का फंड
बेसरा ने बताया कि उनकी सरकार बनने पर एक गांव को पांच करोड़ रुपये का फंड दिया जाएगा जिससे वहां की तस्वीर बदली जाएगी।
भ्रष्टाचार को शून्य करने, युवाओं को रोजगार देने और महिलाओं को आरक्षण देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस मौके पर राष्ट्रीय जन क्रांति मोर्चा के मौलाना अब्दुल मोबिन रिजवी, पूर्व पार्षद रुस्तम अंसारी, झामुमो (उलगुलान) के खेदन महतो, कलावती देवी, बसपा की किरण सिन्हा समेत अन्य प्रमुख लोग भी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें
‘अगर मुझे CM पद का ऑफर मिलता तो पूरी NCP साथ ले आता’: विधानसभा चुनाव से पहले बोले अजित पवार