झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। इस दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर तृतीय अनुपूरक बजट पेश करेंगे। साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई बहस के बाद सरकार की ओर से जवाब भी दिया जाएगा।
गुरुवार को सदन में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने JPSC सिविल सेवा परीक्षा को लेकर अहम संकेत दिए। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव के सवाल पर उन्होंने कहा कि अधिकतम आयु सीमा में छूट देने पर सरकार विचार कर सकती है। इससे अभ्यर्थियों में नई उम्मीद जगी है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात करने के बावजूद एसीबी कई हाई प्रोफाइल मामलों में चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई है। उन्होंने डीजीपी नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए।
इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जवाब देते हुए कहा कि डीजीपी नियुक्ति से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, इसलिए इस पर सदन में चर्चा करना उचित नहीं है।
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और कई फैसलों को राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप बताया।
आज अनुपूरक बजट और सरकार के जवाब को लेकर सदन में एक बार फिर जोरदार बहस होने की संभावना है, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।

