रांची: राजधानी रांची के बरियातू इलाके में एक शादी समारोह के दौरान बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। मैथन मैरेज पैलेस में आयोजित इस समारोह में दुल्हन पक्ष का रुपये और जेवरात से भरा बैग चोरी हो गया, जिसकी अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
जयमाला के दौरान हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, नामकुम निवासी विजय कुमार पांडेय अपनी बेटी की शादी मैथन मैरेज पैलेस में कर रहे थे। इसी दौरान जयमाला कार्यक्रम के समय उनकी पत्नी मंजू पांडेय का बैग, जिसमें नकदी, सोने के जेवर और एक मोबाइल फोन रखा था, अचानक गायब हो गया।
बताया जा रहा है कि एक बच्चे द्वारा बैग उठाकर ले जाया गया, जिसकी पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत बरियातू थाने में शिकायत दर्ज कराई। विजय कुमार पांडेय ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है।
मैरेज पैलेस प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
पीड़ित परिवार ने मैरेज पैलेस प्रबंधन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगर वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

