रांची: मार्च की शुरुआत के साथ ही झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राज्य के कई जिलों में बादल छाने लगे हैं और हल्की बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने 9 और 10 मार्च के लिए कई इलाकों में वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च को बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में आंशिक से लेकर घने बादल छाए रहने की संभावना है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं 10 मार्च को बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में भी आंशिक बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस दौरान कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज और वज्रपात की भी आशंका है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हो रहा है। इसके कारण वातावरण में नमी बढ़ी है और बादल बनने की स्थिति बनी हुई है। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी अगले दो दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
रांची का तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
11 मार्च के बाद साफ होगा मौसम
पूर्वानुमान के अनुसार 11 मार्च से राज्य में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और 12 मार्च तक अधिकतर जिलों में आसमान साफ रहने की संभावना है। इसके बाद तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मार्च के तीसरे सप्ताह के अंत तक जमशेदपुर समेत दक्षिणी जिलों में तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बारिश का यह दौर खत्म होने के बाद राज्य में शुष्क और गर्म मौसम का असर बढ़ने की संभावना है।

