धनबाद : धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए मतगणना शुक्रवार देर रात तक जारी रही, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब शनिवार को शेष मतों की गिनती की जाएगी, जिसके बाद स्पष्ट होगा कि शहर की कमान किसके हाथ में जाएगी।
अब तक के रुझानों में पूर्व विधायक संजीव सिंह ने मजबूत बढ़त बना ली है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार वे 9,944 वोटों से आगे चल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि उन्हें भाजपा का आधिकारिक समर्थन नहीं मिला, इसके बावजूद वे हर राउंड में बढ़त बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी दो राउंड के आधिकारिक परिणामों के अनुसार:
- संजीव सिंह – 28,377 वोट
- चंद्रशेखर अग्रवाल – 18,433 वोट
- संजेव कुमार (भाजपा समर्थित) – 15,789 वोट
- शमशेर आलम अंसारी (कांग्रेस समर्थित) – 10,246 वोट
- इंदु देवी – 4,096 वोट
- प्रकाश कुमार – 4,194 वोट
- रवि चौधरी – 728 वोट
पहले दो राउंड के नतीजों से संकेत मिला है कि मुकाबला मुख्य रूप से शीर्ष चार प्रत्याशियों के बीच सिमट गया है। हालांकि संजीव सिंह की बढ़त फिलहाल निर्णायक नजर आ रही है।
दिलचस्प राजनीतिक समीकरण
इस चुनाव का रोचक पहलू यह है कि प्रमुख दावेदारों का किसी न किसी रूप में भाजपा से संबंध रहा है। संजीव कुमार को भाजपा का आधिकारिक समर्थन प्राप्त है। वहीं संजीव सिंह स्वयं झरिया से भाजपा विधायक रह चुके हैं और उनकी पत्नी वर्तमान में विधायक हैं।
चंद्रशेखर अग्रवाल ने शुरुआत में भाजपा के समर्थन की उम्मीद में नामांकन किया था, लेकिन स्पष्ट समर्थन नहीं मिलने पर उन्होंने दो फरवरी को झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया।
अब सभी की निगाहें शेष मतों की गिनती पर टिकी हैं, जो धनबाद के अगले मेयर की तस्वीर साफ करेगी।

