रांची : प्रोजेक्ट भवन में आगामी आदिवासी महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बख्शी ने महोत्सव की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी दी।
आदिवासी महोत्सव 2025 में होंगे नए आकर्षण
महोत्सव के दौरान राजधानी रांची सहित विभिन्न जिलों में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे, जिससे युवाओं और पर्यटकों की भागीदारी बढ़ेगी। साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे, जिससे आगंतुकों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
स्थानीय फिल्मों का प्रदर्शन और फूड स्टॉल
इस वर्ष महोत्सव में फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें झारखंड के स्थानीय कलाकारों की फिल्मों का प्रदर्शन होगा। झारखंडी व्यंजन स्टॉल और फूड डिस्ट्रीब्यूशन की व्यवस्था को भी सुदृढ़ और सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पाथवे पर दिखेगी आदिवासी संस्कृति
महोत्सव स्थल तक जाने वाले पाथवे को आदिवासी संस्कृति की झलकियों से सजाया जाएगा, ताकि आगंतुकों को झारखंड की समृद्ध विरासत का अनुभव मिल सके। इसके अलावा ड्रोन शो, लेजर शो और आदिवासी परिधान शो जैसे कार्यक्रमों को भी शामिल किया जाएगा।
पहली बार होगा भव्य कवि सम्मेलन
इस बार महोत्सव की एक विशेष उपलब्धि यह होगी कि पहली बार भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें कुमार विश्वास, संपत सरल सहित कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय कवियों के शामिल होने की संभावना है।
रीझ-रंग रसिका और झांकी आकर्षण का केंद्र
32 जनजातीय कलाकारों द्वारा रीझ रंग रसिका का आयोजन भव्य तरीके से होगा। झांकी के माध्यम से झारखंड की समृद्ध आदिवासी कला-संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।
सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था पर भी जोर
मुख्य सचिव ने सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था की बेहतर तैयारी के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने को कहा।
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी
बैठक में कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, पुलिस उपमहानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, नगर निगम आयुक्त सुशांत गौरव, उप विकास आयुक्त सौरभ भुवानिया, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, कला संस्कृति विभाग और अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें
