Ranchi : रांची जिले में संविधान दिवस की प्लेटिनम जुबिली का आयोजन गरिमा और उल्लास के साथ किया गया। 75वें वर्ष पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य आयोजन रांची समाहरणालय के ब्लॉक–A के पोर्टिको क्षेत्र में हुआ, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ के साथ हुई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
संविधान में लिखे मूल्यों को अपनाने की जरूरत : डीसी
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक परंपरा और न्याय, समानता तथा स्वतंत्रता का आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में लिखे आदर्शों को दैनिक जीवन और प्रशासनिक कार्यों में लागू करना हर नागरिक और अधिकारी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
संविधान दिवस के इस विशेष आयोजन में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, एडीएम (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, DRDA निदेशक सुदर्शन मुर्मू, ITDA परियोजना निदेशक संजय कुमार भगत, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने संविधान दिवस के महत्व को रेखांकित किया और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
