धनबाद: धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित स्टील गेट सब्जी बाजार में रविवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें कई दुकानें आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गईं।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में प्रशासन का सहयोग किया।
घटना में दुकानों में रखे लाखों रुपये मूल्य के सामान के जलकर राख होने की खबर है, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

