लातेहार। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता और किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुरेश गंझू का निधन सर्पदंश के कारण हो गया। घटना के बाद जिले में शोक की लहर फैल गई है। सुरेश गंझू पहले चंदवा प्रखंड अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय रह चुके थे और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी।
सर्पदंश के बाद इलाज के दौरान मौत
बुधवार को सुरेश गंझू को एक जहरीले सांप ने डंस लिया था। उन्हें तत्काल लातेहार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी रही। बाद में चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स (RIMS Ranchi) रेफर किया गया। गुरुवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अस्पताल में नेताओं की मौजूदगी
जानकारी के अनुसार, सुरेश गंझू के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम उनसे मिलने पहुंचे थे। उन्होंने उनकी स्थिति की जानकारी ली और परिवार को ढांढस बंधाया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पूर्व मंत्री और झामुमो नेताओं ने व्यक्त किया शोक
सुरेश गंझू के निधन पर झामुमो सहित कई राजनीतिक नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम ने कहा कि पार्टी ने एक कद्दावर और जुझारू नेता को खो दिया है, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने कहा कि सुरेश गंझू संगठन के समर्पित कार्यकर्ता थे और जिले में पार्टी को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर
शोक प्रकट करने वालों में जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष अरुण कुमार दुबे, अशोक कुमार पांडेय, दीपू सिन्हा, प्रभात कुमार, अंकित पांडेय, सुशील यादव, विशाल कुमार, ऐश्वर्य उरांव, दीपक कुमार, चंदन कुमार, विवेक गुप्ता, शुभम गुप्ता सहित कई अन्य नेता व कार्यकर्ता शामिल हैं। सभी ने इस कठिन समय में दिवंगत नेता के परिवार के प्रति संवेदना जताई है।