Ranchi : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को रांची में हुआ। इस मौके पर खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन को सराहा गया और विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार मौजूद थे।
रांची में जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता के समापन पर खेल मंत्री का संबोधन
खेल मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि शिक्षा विभाग लगातार खिलाड़ियों की प्रतिभा को खोज रहा है और खेल विभाग उन्हें तराशकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई दी और हारने वाले खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत जारी रखने की सलाह दी।
झारखंड के खिलाड़ियों की पहचान बनी हॉकी
विशिष्ट अतिथि विधायक सीपी सिंह ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी राज्य की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाले युवा अब हॉकी में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने बताया कि अब उत्तर झारखंड के खिलाड़ी भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे झारखंड की हॉकी परंपरा और मजबूत हो रही है।
जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता 2025 : फाइनल मुकाबलों के नतीजे
- अंडर-15 बालक वर्ग: खूंटी के राजकीय उत्क्रमित प्लस टू स्कूल, पेलोल मुरहू ने सिमडेगा को 1-0 से हराया।
- अंडर-17 बालक वर्ग: खूंटी की राजकीय उत्क्रमित प्लस टू स्कूल, पेलोल टीम ने हजारीबाग की टीम को 3-0 से मात दी।
- अंडर-17 बालिका वर्ग: सिमडेगा की मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय टीम ने बरियातू की टीम को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
रांची हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
विजेता टीमों और खिलाड़ियों को खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक सीपी सिंह, खेल निदेशक शेखर जमुआर, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह और पूर्व ओलंपियन मनोहर टोप्पनो ने मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन धीरसेन ए. सोरेंग ने किया, जबकि मंच संचालन चंद्रदेव सिंह और जय होरो ने संभाला।