रांची : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार को शोक प्रस्ताव के साथ शुरू हुआ। शोक प्रस्ताव पारित करने के बाद सदन की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित कर दी गई। हालांकि सदन के बाहर अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलने और सघन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा सियासी बहस का केंद्र बना रहा।
अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलने पर विपक्ष का हमला
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा के नाम पर करना तुष्टिकरण की पराकाष्ठा है। मरांडी ने इसे राजनीतिक गुंडागर्दी करार देते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी झारखंड राज्य के निर्माता थे, उनके नाम पर चल रही योजना को बदलना दुर्भाग्यपूर्ण है।
SIR पर भी बढ़ी राजनीतिक जंग
भाजपा विधायक चंपाई सोरेन ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण होना आवश्यक है और भाजपा इस मुद्दे को सदन में मजबूती से उठाएगी। वहीं, भाजपा मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बांग्लादेशी और रोहिंग्या वोटरों को खुश करने के लिए SIR का विरोध कर रही है।
कांग्रेस का पलटवार – SIR भाजपा की चुनावी रणनीति
कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह चुनावी लाभ के लिए SIR को मुद्दा बना रही है। उन्होंने कहा कि जब हर जगह आधार मान्य है, तो SIR की आवश्यकता क्यों है?
भाजपा के आरोपों पर स्वास्थ्य मंत्री का जवाब
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि झारखंड में किसी बांग्लादेशी की मौजूदगी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट देने के अधिकार को सीमित करना चाहती है, इसलिए SIR को बढ़ावा दे रही है।
शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की कामना
सत्र के दौरान भाजपा विधायक चंपाई सोरेन ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
इसे भी पढ़ें
Jharkhand News : झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र 7 अगस्त तक, 4 अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट