रांची: झारखंड विधानसभा के पूरक मॉनसून सत्र 2025 के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गई। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायक वेल में पहुंच गए, जिसके चलते स्पीकर को कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने
सोमवार सुबह जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, सत्ता पक्ष के विधायक संविधान के 130वें संशोधन का विरोध करने लगे। दूसरी ओर, विपक्षी दलों के सदस्य सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले में सरकार को घेरते हुए प्रदर्शन करने लगे। दोनों ओर से लगातार नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई।
झारखंड विधानसभा स्पीकर ने स्थगित की कार्यवाही
बढ़ते विवाद और शोरगुल को देखते हुए विधानसभा स्पीकर ने सदन की कार्यवाही पहले 12:30 बजे तक स्थगित कर दी। स्पीकर ने नेता प्रतिपक्ष से अपील की कि वे अपने विधायकों को सीट पर लौटाएं, ताकि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चल सके।
मॉनसून सत्र में बजट और विधेयक होंगे पेश
पूरक झारखंड विधानसभा मॉनसून सत्र 2025 की शुरुआत 22 अगस्त से हुई है और यह 28 अगस्त तक चलेगा। पहले दिन राज्य सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष का पहला अनुपूरक बजट पेश किया था, जिसकी राशि 4296 करोड़ 62 लाख रुपये है।
इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाने की संभावना है, जिनमें शामिल हैं –
- झारखंड राज्य विश्वविद्यालय विधेयक, 2025
- झारखंड कोचिंग सेंटर (नियंत्रण एवं विनियमन) विधेयक, 2025
- झारखंड सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (विशेष छूट) विधेयक, 2025
झारखंड विधानसभा का पिछला सत्र स्थगित
गौरतलब है कि 1 अगस्त से 7 अगस्त तक प्रस्तावित झारखंड विधानसभा मॉनसून सत्र को पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद 4 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद 22 अगस्त से पूरक मॉनसून सत्र की शुरुआत हुई।
इसे भी पढ़ें
Jharkhand News: रांची में संपन्न हुई नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप, झारखंड के अभिषेक ने जीता कांस्य