दुर्गा सोरेन स्मारक पर मुख्यमंत्री ने किया माल्यार्पण
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन रविवार को पूर्व विधायक स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की जयंती पर नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दुर्गा सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें शत-शत नमन किया।
झारखंड आंदोलन में दुर्गा सोरेन की अहम भूमिका
श्रद्धांजलि सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा सोरेन झारखंड आंदोलन के मजबूत स्तंभ थे और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी लोग बड़ी संख्या में एकत्रित होकर उन्हें नमन करने पहुंचे हैं।
विधायक कल्पना सोरेन भी रही मौजूद
मुख्यमंत्री के साथ विधायक कल्पना सोरेन भी पूरे कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन का सपना झारखंड को समृद्ध और सशक्त राज्य बनाने का था और उनके विचारों को आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद वीर अब्दुल हमीद के शहादत दिवस पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। वे कांटाटोली चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर पहुंचे और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन भी उनके साथ मौजूद रहीं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटे लोग
कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। सभी ने दुर्गा सोरेन के योगदान को याद करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।