रांची : झारखंड सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे झारखंड के 26वें मुख्य सचिव बने हैं।
अविनाश कुमार को अतिरिक्त प्रभार भी
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अविनाश कुमार, जो वर्तमान में ऊर्जा विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे, उन्हें मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही, उन्हें मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में मुख्य स्थानिक आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
पूर्व मुख्य सचिव अलका तिवारी का कार्यकाल समाप्त
नये आदेश के साथ ही राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो गईं। उनके स्थान पर अब अविनाश कुमार प्रशासनिक व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
अजय कुमार सिंह को विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत अजय कुमार सिंह को अगले आदेश तक विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
अविनाश कुमार का प्रशासनिक अनुभव
अविनाश कुमार 1993 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और अपने लंबे प्रशासनिक करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। ऊर्जा विभाग, विकास आयुक्त कार्यालय और झारखंड ऊर्जा विकास निगम में उनके अनुभव को राज्य के लिए अहम माना जाता है।
झारखंड में अब तक के मुख्य सचिव
झारखंड गठन से लेकर अब तक राज्य में 25 मुख्य सचिव रह चुके हैं। इनमें विजय शंकर दूबे (2000-2002) पहले मुख्य सचिव थे। इसके बाद जी कृष्णण, एके मिश्रा, लक्ष्मी सिंह, पीपी शर्मा, एमके मंडल, एके चुग, एके वसु, शिव बसंत, एके सिंह, एके चौधरी, आरएस शर्मा, सजल चक्रवर्ती, सुधीर प्रसाद, आरएस पोद्दार, राजीव गौबा, राजबाला वर्मा, सुधीर त्रिपाठी, डीके तिवारी, सुखदेव सिंह, एल खियांगते और हाल ही में अलका तिवारी ने मुख्य सचिव पद का दायित्व संभाला।
राज्य प्रशासन में नई जिम्मेदारियां
अविनाश कुमार की नियुक्ति के साथ ही राज्य प्रशासनिक ढांचे में नई ऊर्जा और अनुभव की उम्मीद की जा रही है। मुख्यमंत्री सचिवालय, झारखंड भवन, नई दिल्ली और ऊर्जा विभाग के साथ-साथ उन्हें मुख्य सचिव पद की अहम जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।