गिरिडीह: झारखंड की राजनीति में सनसनी फैलाने वाले धमकी प्रकरण का खुलासा करते हुए गिरिडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो मंत्रियों को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी ऑटो चालक अंकित कुमार मिश्रा को बिहार के पटना जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी कर ली।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ धमकी भरा वीडियो
गुरुवार को सामने आए एक वीडियो में आरोपी खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बता रहा था। वीडियो में उसने दावा किया कि उसकी डॉ. इरफान अंसारी से व्यक्तिगत दुश्मनी है और इसी कारण उसने धमकी दी। वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
इरफान अंसारी और सुदिव्य सोनू को दी गई थी धमकी
आरोपी अंकित मिश्रा ने वीडियो में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को निशाना बनाते हुए 24 घंटे के भीतर बम से उड़ाने की धमकी दी थी। इस धमकी के बाद दोनों मंत्रियों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर आ गया।
गिरिडीह पुलिस ने गठित की विशेष जांच टीम
वीडियो सामने आते ही गिरिडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया और उसे पटना स्टेशन से गिरफ्तार किया।
एसपी ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी के पीछे कोई संगठित गिरोह शामिल है या यह केवल व्यक्तिगत दुश्मनी का परिणाम है। पुलिस ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और उकसाने वाले वीडियो डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें
Jharkhand News: मनी लॉन्ड्रिंग केस में मनोज पुनमिया को झारखंड हाईकोर्ट से बड़ा झटका