Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्रावणी मेला ड्यूटी के बाद से लापता पुलिस जवान विजय उरांव का शव लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के जंगल से बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि उनकी गला दबाकर और पत्थर से कुचलकर हत्या की गई। शव बरामद होने के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पलामू में बरामद हुआ पुलिस जवान का शव
गुरुवार को स्थानीय ग्रामीणों ने जंगल में एक शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान विजय उरांव के रूप में की। विजय उरांव मूल रूप से सदर थाना क्षेत्र के चियांकि गांव के रहने वाले थे और इस समय मुसाबनी पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे थे। हाल ही में उन्हें देवघर श्रावणी मेला ड्यूटी में तैनात किया गया था।
हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
जांच में पाया गया कि जवान की पहले गला दबाकर हत्या की गई और उसके बाद पत्थर से सिर पर वार किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रांची RIMS पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच फॉरेंसिक टीम और पलामू पुलिस मिलकर कर रही है।
पत्नी ने दिए कई अहम बयान
पुलिस जवान की पत्नी ने जांच टीम को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। उन्होंने बताया कि पति को देवघर श्रावणी मेले में ड्यूटी के लिए भेजा गया था, जिसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। लगातार कॉल न उठने और गायब रहने पर उन्होंने इस मामले में सीटीसी मुसाबनी और पलामू पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत भी की थी।
देवघर ड्यूटी के बाद से लापता था जवान
सहकर्मियों ने भी पुलिस को बताया कि विजय उरांव ड्यूटी खत्म होने के बाद अचानक गायब हो गए थे। उनकी लोकेशन और गतिविधियों को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस जवान की हत्या ने श्रावणी मेला ड्यूटी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
इलाके में सनसनी और आक्रोश
शव बरामद होने के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर गहरी चिंता जताई और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें
Giridih News: गिरिडीह में कारोबारी के घर लाखों की चोरी, गुस्साए लोगों ने किया रोड जाम