धनबाद: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH Dhanbad) में गुरुवार देर शाम बड़ी हलचल देखने को मिली। मरीज की मौत के बाद परिजनों द्वारा डॉक्टरों के साथ मारपीट (Assault on Doctors in Dhanbad) किए जाने के विरोध में जूनियर रेजिडेंट, सीनियर रेजिडेंट और इंटर्न चिकित्सक अचानक हड़ताल (Doctors Strike in Dhanbad) पर चले गए। हड़ताल के कारण करीब साढ़े पांच घंटे तक इमरजेंसी सेवाएं ठप रहीं और मरीजों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा।
मरीज की मौत के बाद बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम एक मरीज की मौत के बाद उसके परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सकों ने सुरक्षा की मांग को लेकर तत्क्षण कार्य बहिष्कार कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाली स्थिति
हड़ताल की जानकारी मिलते ही दंडाधिकारी रवींद्र नाथ ठाकुर और नारायण राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से वार्ता की और भरोसा दिलाया कि अस्पताल परिसर में तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने का आश्वासन दिया गया। प्रशासन की गारंटी के बाद देर रात डॉक्टरों ने हड़ताल खत्म कर इमरजेंसी सेवाएं फिर से शुरू कर दीं।
डॉक्टरों की मांग: सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कार्रवाई
आंदोलन पर बैठे डॉक्टरों ने कहा कि वे मरीजों की जान बचाने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन लगातार हमलों की घटनाएं उन्हें असुरक्षित महसूस कराती हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है और दोषियों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई (Strict Action Against Accused) होनी चाहिए। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो वे फिर से हड़ताल पर जा सकते हैं।
अस्पताल प्रशासन ने मानी कमियां
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एसएनएमएमसीएच के अधीक्षक डॉ. डीके गिंदौरिया ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि अस्पताल में स्थायी सुरक्षा बल की कमी के कारण बार-बार ऐसी घटनाएं होती हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि अस्पताल परिसर में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि मरीजों और डॉक्टरों दोनों की सुरक्षा की गारंटी हो सके।
इसे भी पढ़ें
Jharkhand News: रिम्स निदेशक ने किया अस्पताल का निरीक्षण, स्वच्छता और सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश