रांची/चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में सुरक्षा बल और नक्सलियों के बीच रविवार की सुबह भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक इनामी नक्सली ढेर हो गया। मुठभेड़ गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रेलापराल जंगल में हुई, जहां नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे हुए थे।
गोइलकेरा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान
सूत्रों के अनुसार, चाईबासा एसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि रेलापराल के पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में भाकपा माओवादी संगठन के नक्सली सक्रिय हैं। इसके बाद पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाई। सुबह सुरक्षा बलों की टीम जंगल में पहुंची तो नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की।
दस लाख का इनामी नक्सली मारा गया
मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया जिसकी पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मारा गया नक्सली दस लाख रुपये का इनामी था। पुलिस को घटनास्थल से हथियार और नक्सली गतिविधियों से संबंधित अन्य सामग्री भी बरामद हुई है।
सुरक्षाबलों का सर्च अभियान जारी
गोलीबारी के बाद बाकी नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। मुठभेड़ खत्म होने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान मृत नक्सली का शव और हथियार बरामद किया गया।
हाल के दिनों में लगातार नक्सली मुठभेड़
चाईबासा जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। उल्लेखनीय है कि बीते 20 दिन पहले 13 अगस्त को पोस्ता जंगल में भी पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस मुठभेड़ में छत्तीसगढ़ निवासी नक्सली एरिया कमांडर अरुण मारा गया था। उस दौरान जवानों ने एक एसएलआर, कारतूस और अन्य नक्सली सामान बरामद किया था।