रांची: झारखंड की राजनीति के वरिष्ठ नेता और पद्म भूषण से सम्मानित पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मेडिका हॉस्पिटल, रांची में भर्ती कराया गया है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह अस्पताल पहुंचे और उन्होंने मुंडा के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
सांस की तकलीफ के बाद किया गया एडमिट
मंगलवार को 88 वर्षीय कड़िया मुंडा को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में खूंटी से रांची स्थित मेडिका हॉस्पिटल लाया गया। उन्हें तुरंत ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। स्वास्थ्य में कुछ स्थिरता आने के बाद उन्हें अस्पताल के सामान्य कक्ष में शिफ्ट कर दिया गया।
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रांची लाए गए थे कड़िया मुंडा
मुंडा जी की गंभीर स्थिति को देखते हुए खूंटी से रांची तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें लाया गया। यह व्यवस्था यह सुनिश्चित करने के लिए की गई थी कि रास्ते में किसी तरह की बाधा न आए और उन्हें समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सके।
पिछले वर्षों में कई बार बिगड़ी है तबीयत
कड़िया मुंडा का स्वास्थ्य बीते कुछ वर्षों में कई बार बिगड़ चुका है। दो वर्ष पहले उन्हें निमोनिया की शिकायत हुई थी, जिसके चलते उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। जनवरी 2025 में भी वे बीमार हुए थे और उसी मेडिका अस्पताल में उनका इलाज हुआ था। उनकी उम्र और स्वास्थ्य इतिहास को देखते हुए चिकित्सकों की एक विशेष टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
बाबूलाल मरांडी और कर्मवीर सिंह ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अस्पताल पहुंचकर कड़िया मुंडा से हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। दोनों नेताओं ने कहा कि मुंडा जी का स्वास्थ्य ठीक होना राज्य के लिए एक सकारात्मक संदेश होगा क्योंकि वे झारखंड के राजनीतिक, सामाजिक और आदिवासी समुदायों के बीच एक प्रेरणास्रोत हैं।
राजनीतिक गलियारे में चिंता
मुंडा जी की तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारे में हलचल मच गई है। कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी चिंता का माहौल है। उनके स्वस्थ होने की खबर का सभी को बेसब्री से इंतजार है।
मेडिका हॉस्पिटल में मेडिकल निगरानी जारी
मेडिका हॉस्पिटल की डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी देखरेख में लगी है। अस्पताल प्रशासन की ओर से बताया गया है कि उनकी हालत अब स्थिर है, लेकिन ऐहतियातन उन्हें कुछ दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा।