रांची: झारखंड की गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने बुधवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव 2026 की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा आगंतुकों की सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और आयोजन राज्य की सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप भव्य एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न होना चाहिए।

मंच, स्टॉल, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
वंदना दादेल ने आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, प्रदर्शनी स्टॉल, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल देते हुए कहा कि सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि महोत्सव का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, टीआरआई निदेशक आलोक एस. कच्छप, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

