रांची/बुंडू: रांची जिले के बुंडू अनुमंडल अंतर्गत राहे थाना क्षेत्र के चुतरुडीह गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
मृतका की पहचान भोला देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि उनके करीब 45 वर्षीय बेटे नंदलाल महतो ने कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
पत्नी से विवाद के दौरान हुई वारदात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी नंदलाल महतो का अक्सर अपनी पत्नी के साथ विवाद होता था। घटना के समय भी वह कथित तौर पर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान उसकी मां भोला देवी ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नंदलाल महतो ने कुल्हाड़ी से अपनी मां पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से भोला देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही राहे थाना प्रभारी अभिषेक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से आरोपी की भूमिका और वारदात के कारणों की भी विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

