रांची: भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने सोमवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने संथाल परगना क्षेत्र में बिजली, पेयजल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
संथाल परगना की मूलभूत सुविधाओं पर उठाए सवाल
सीता सोरेन ने कहा कि संथाल परगना को उप-राजधानी का दर्जा मिलने के बावजूद क्षेत्र आज भी बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिससे आम लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सावन में दुमका राजभवन में प्रवास का किया आग्रह
ज्ञापन के माध्यम से सीता सोरेन ने राज्यपाल से सावन माह के दौरान दुमका राजभवन में प्रवास करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि राज्यपाल की उपस्थिति से प्रशासन की जवाबदेही बढ़ेगी और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल हो सकेगी।
जनसमस्याओं के समाधान की मांग
उन्होंने राज्यपाल से संथाल परगना की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

