नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट परिसर में हंगामे के आरोप में कार्रवाई
उच्चतम न्यायालय में एक याचिका की सुनवाई के दौरान कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, सुरक्षा कर्मी के साथ हाथापाई करने और अदालत की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में दो विधि छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी।
दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रबल प्रताप सिंह (24) और चंदर भान (23) के रूप में हुई है। प्रबल प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश के इटावा जिले का निवासी है और लखनऊ विश्वविद्यालय में एलएलबी तृतीय वर्ष का छात्र है। बताया गया कि वह इस मामले में स्वयं याचिकाकर्ता के रूप में अदालत में पेश हुआ था।
वहीं, चंदर भान उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले का निवासी है और एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र है।
अदालत की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप
पुलिस के अनुसार, दोनों पर सुनवाई के दौरान कथित रूप से अनुचित व्यवहार करने, सुरक्षा कर्मी के साथ हाथापाई करने तथा न्यायालय की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न करने के आरोप हैं। घटना के बाद दोनों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

